फरीदाबाद। अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने गैंगस्टर को हथियार सप्लाई करने के आरोप में साहिल यादव को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से देसी पिस्टल, देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
आरोपी दस सितंबर की रात हथियार लेकर ओल्ड फरीदाबाद की तरफ जा रहा था। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह तिगांव निवासी राहुल जोगी के कहने पर गैंगस्टर को हथियार सप्लाई करता है। खेड़ीपुल थाना पुलिस ने 11 सितंबर को भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 25(8), 54 और 59 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। अपराध शाखा सेक्टर-16 के उपनिरीक्षक राजपाल के अनुसार दस सितंबर की रात करीब 11:55 बजे टीम सेक्टर-17 पुल के पास नहर किनारे काली सड़क पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेक्टर-2 बल्लभगढ़ निवासी साहिल यादव पॉलीबैग में हथियार लेकर ओल्ड फरीदाबाद की तरफ जाएगा। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में राहुल जोगी का नाम सामने आया है। उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। संवाद