सोहना-बल्लभगढ़ रोड पर 26 अगस्त को हुआ था हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सोहना-बल्लभगढ़ रोड पर गश्त के दौरान दो पुलिसकर्मियों को ट्रक से कुचलने के मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस चौकी पर्वतीय कॉलोनी की टीम ने मंगलवार को आरोपी को पकड़ा है। आरोपी की पहचान यमुनानगर निवासी नवाब अली के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सिपाही नवीन कुमार और अभिषेक की ड्यूटी पुलिस चौकी पर्वतीय कॉलोनी में थी। 26 अगस्त को दोनों सरकारी बाइक पर क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सोहना-बल्लभगढ़ रोड स्थित सीएनजी पंप के पास पीछे से आए एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक दोनों पुलिसकर्मियों के ऊपर चढ़ गया। हादसे में दोनों की मौत हो गई थी। घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया था। मामले में थाना सारन पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने ट्रक को पहले ही कब्जे में ले लिया था।