दोस्त की हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार और पुलिस रिमांड पर लिया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने सितंबर 2024 में अपने ही दोस्त पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी अरुण को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि अरुण को हाल ही में सात मार्च को एक कट्टे के साथ पकड़े जाने के बाद जेल भेजा गया था, जिसके बाद पुलिस ने पुराने मामले में उसकी संलिप्तता के आधार पर यह कार्रवाई की।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, 20 सितंबर 2024 को आरोपी अरुण ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर शाहपुर कलां निवासी शेखर को घर छोड़ने के बहाने मोटरसाइकिल पर बैठाया और सेक्टर-62 के एक सुनसान इलाके में ले गया। वहां पुरानी रंजिश के चलते उसने शेखर पर चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वारदात के बाद से ही अरुण गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश और राजस्थान में छिपकर मेहनत-मजदूरी कर रहा था। इस मामले में एक आरोपी हर्ष को घटना के कुछ समय बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस अब अरुण को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है ताकि वारदात में शामिल तीसरे साथी के बारे में जानकारी मिल सके।