सुप्रीम कोर्ट से गिरफ्तारी पर अंतरिम राहत के बावजूद जांच में नहीं हुआ शामिल, संपत्ति कुर्क करने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। राष्ट्रीय स्तर की 17 वर्षीय शूटर के यौन शोषण के आरोपी शूटिंग कोच अंकुश भारद्वाज की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सुप्रीम कोर्ट से गिरफ्तारी पर अंतरिम राहत मिलने के बावजूद जांच में शामिल नहीं होने और अदालत में पेश न होने पर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत ने उसे उद्घोषित अपराधी (प्रोक्लेम्ड पर्सन) करार दिया है।
महिला थाना एनआईटी में छह जनवरी को अंकुश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। सुप्रीम कोर्ट ने 27 अप्रैल को अंकुश को गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण देते हुए 29 अप्रैल को जांच अधिकारी के सामने पेश होकर सहयोग करने का निर्देश दिया था। पुलिस के अनुसार, वह जांच में शामिल नहीं हुआ। अदालत में पेश न होने पर उसके खिलाफ उद्घोषणा की कार्रवाई की गई। 21 सितंबर को अदालत ने पाया कि 30 दिन की अवधि बीतने के बावजूद वह पेश नहीं हुआ। इसके बाद उसे उद्घोषित अभियुक्त करार दिया है। अदालत ने पुलिस को उसकी संपत्ति का ब्योरा जुटाकर सीआरपीसी की धारा 83 के तहत कुर्की की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।