ऑडी की टक्कर से युवक की मौत के मामले में आरोपी धरा
फरीदाबाद। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर ऑडी कार की टक्कर से हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी कार चालक को सेक्टर -15ए स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी रवि को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय युवक बुद्धि 30 दिसंबर को गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर स्थित टीएचएसटीआई के पास बिजली की तार बिछाने का काम कर रहा था। उसी समय गुरुग्राम की तरफ से लाल रंग की ऑडी कार आई, जिसे आरोपी रवि चला रहा था। उसकी गाड़ी के आगे जा रहे वाहन चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। आरोपी ने अपनी गाड़ी रोकने की कोशिश की, मगर स्पीड ज्यादा होने की वजह से उसने नियंत्रण खो दिया और काम कर रहे युवक को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद आरोपी घबरा गया और गाड़ी लेकर वहां से फरार हो गया। युवक के परिजनों की शिकायत पर थाना सूरजकुंड में आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने की वजह से हुई युवक की मौत मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक राजेश ने परिजनों की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सहायक उप-निरीक्षक देशराज को आरोपी को तलाश करने की जिम्मेवारी सौंपी। सहायक उप निरीक्षक देशराज ने अपनी टीम के साथ आरोपी की तलाश करने के लिए गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर स्थित टोल टैक्स पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज में गाड़ी की पहचान की गई। गाड़ी नंबर दिल्ली में किसी कंपनी के नाम पर पंजीकृत था। पुलिस टीम ने दिल्ली के आरटीए ऑफिस से गाड़ी की पूरी जानकारी निकाली।
पूछताछ में कंपनी के मालिक ने बताया कि गाड़ी उसके नाम पर रजिस्टर्ड है जिसे उसका ड्राइवर आरोपी रवि चलाता है। आरोपी रवि की जानकारी मिलने पर बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने बताया कि वह फरीदाबाद के सेक्टर-15ए का निवासी है।