फरीदाबाद। शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में अधिक मुनाफा देने का झांसा देकर 9.66 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना एनआईटी ने आरोपी सोमपाल (35) निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, ग्रीन फील्ड कॉलोनी निवासी व्यक्ति को आठ अक्तूबर 2025 को विदेशी नंबर से व्हॉट्सएप कॉल आई थी।
कॉल करने वाली महिला ने खुद को एक कंपनी का सहायक बताते हुए निवेश पर अधिक मुनाफे का झांसा दिया। इसके बाद अक्तूबर 2025 में अलग-अलग यूपीआई आईडी और बैंक खातों में उससे 9.66 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से दो लाख रुपये सोमपाल के बैंक खाते में आए थे। खाते में उसकी ई-मेल आईडी दर्ज थी। यह खाता एक फर्म का चालू खाता है। आरोपी एमबीए पास है और उसके खिलाफ दिल्ली में भी साइबर ठगी का मामला दर्ज है। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। मामले में अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। संवाद