- आरोपी दीपक पांचाल गाजियाबाद की उत्तराचंल कॉलोनी का निवासी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। क्रिप्टो करंसी में निवेश के बहाने 75.69 लाख रुपये की ठगी में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी दीपक पांचाल गाजियाबाद की उत्तरांचल कॉलोनी में रहता है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दीपक ने ठगी के लिए अपनी जानकार महिला का बैंक खाता ठगों को दिया था। इस खाते में ठगी के 2 लाख रुपये आए थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी 12वीं पास है और गाजियाबाद में नौकरी करता है। आरोपी को 3 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम पूछताछ कर रही है।
शिकायत में सेक्टर-35 निवासी व्यक्ति ने बताया कि 26 दिसंबर 2025 को उन्होंने फेसबुक पर क्रिप्टो करेंसी में निवेश के बारे में विज्ञापन देखा था। इस पर क्लिक करते ही वह एक टेलीग्राम ग्रुप में जुड़ गए। ग्रुप में लिंक के द्वारा ठगों ने शिकायतकर्ता का क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने के लिए खाता खोला। इसके बाद 27 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक कई ट्रांजेक्शन के जरिये शिकायतकर्ता ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर 75,69,041 रुपये बैंक खातों में ट्रांसफर किए। बाद में रिफंड नहीं मिला तो ठगी का अहसास हुआ।