संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। तीन जून 2021 को गांव गहलब में युवक डिगंबर की हत्या के मामले में पांच साल से फरार चल रहे आरोपी रविन्द्र को बहीन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बहीन थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में अब तक दस आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। तीन जून 2021 को गहलब में अमित किराना स्टोर पर रात्रि के नौ बजे बाइक सवार युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते डिगंबर पर अवैध हथियारों और सरियों से हमला कर हत्या कर दी थी।
मृतक के ताऊ के लड़के सौरभ की शिकायत पर बहीन थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज की थी। इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार किए गए आरोपी आकाश उर्फ बकाची के खुलासे एवं विवेचना एवं साक्ष्यों के आधार पर पांच साल से फरार चल रहे आरोपी रविन्द्र कुमार निवासी जोधपुर पलवल को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से अपराध में इस्तेमाल किए गए सरिये को बरामद करने के लिए पूछताछ की जा रही है। इस मामले में इससे पूर्व विकास उर्फ विक्की,अमित उर्फ सल्ली, सुशांक उर्फ किट्टू, श्याम उर्फ राहुल, होशियार, राहुल उर्फ गुलतु, आकाश उर्फ बकाची, जगपाल एवं भूपेंद्र को गिरफ्तार किया जा चुका है।