फर्म के खाते में आए थे ठगी के सात लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शेयर मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 73.97 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने शनिवार को खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी हंसराज गोयल के रूप में हुई है, जिसे ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार सेक्टर-86 निवासी पीड़ित ने शिकायत दी थी कि उसे व्हॉट्सएप पर एक लिंक भेजा गया था। जिस पर क्लिक करने के बाद वह एक ग्रुप से जुड़ गया, जहां ठगों ने स्टॉक्स, प्री-आईपीओ में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का लालच दिया। झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में 73 लाख 97 हजार 600 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में न तो कोई मुनाफा मिला और न ही रकम वापस हुई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी हंसराज गोयल की जनता ट्रांस-वे नाम से फर्म है। ठगों ने इसी फर्म के बैंक खाते का इस्तेमाल किया, जिसमें ठगी के करीब सात लाख रुपये आए थे। आरोपी ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।