बल्लभगढ़। टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर 93 हजार रुपये की ठगी के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने राजस्थान के जोधपुर निवासी खाताधारक रवि को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम का 30 हजार रुपये का हिस्सा ट्रांसफर हुआ था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि लकड़पुर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 अक्तूबर 2025 को वह एक लिंक के माध्यम से टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ा। ग्रुप में प्रीपेड टास्क में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का दावा किया गया। शुरुआत में शिकायतकर्ता ने एक हजार रुपये का निवेश किया, जिस पर उसे 1700 रुपये वापस मिले। इससे विश्वास बढ़ने पर उसने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 93 हजार रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने न तो कोई भुगतान किया और न ही शिकायतकर्ता की रकम लौटाई। खुद के साथ ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी। जांच के दौरान पुलिस ने खाताधारक जोधपुर निवासी रवि (23) को गिरफ्तार कर लिया। संवाद