साल 2017 में 11 वार्डों में फर्जी विकास कार्य दिखाकर बिल लगा किया था भुगतान
दो आईएएस अधिकारियों के खिलाफ भी एसीबी बाद में पेश कर सकती है सप्लिमेंट्री चालान, परमिशन का इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम में 225 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने चालान पेश कर दिया है। इसमें फरीदाबाद नगर निगम की अलग-अलग शाखा में कार्यरत कर्मचारियों, ठेकेदार समेत 20 लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामले में दो आईएएस अधिकारियों के खिलाफ भी एसीबी बाद में सप्लिमेंट्री चालान पेश कर सकती है। आधिकारिक सूत्रों की मानें तो इनके खिलाफ परमिशन मिलने का इंतजार किया जा रहा है।
मामले में आरोप लगा था कि वर्ष 2017 में नगर निगम फरीदाबाद के अधिकारियों/कर्मचारियों ने आरोपी सतबीर सिंह ठेकेदार के साथ मिलीभगत करके बल्लभगढ़ के कुल 11 वार्ड में काम किए बगैर फर्जी बिल लगा भुगतान कर लिया। इनमें वार्ड नं. 8, 9, 10, 31, 33 से 40 में इन्टरलॉकिंग टाईल, स्टोन मैटल सप्लाई, नालियों की मरम्मत व पुलियों के निर्माण कार्य के एक समान कीमत के 46 फर्जी बिल व दस्तावेज तैयार करके आरोपी सतबीर सिंह ठेकेदार की फर्मों में 22553749 रुपये का गलत भुगतान करके सरकार की रकम का गबन किया है।
मामले में एसीबी फरीदाबाद की टीम ने जांच के बाद 16 जून 2022 को आईपीसी की धारा 166, 167, 201, 218, 409, 420, 467, 468, 471, 120-बी और भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी। अब जांच के बाद एसीबी टीम ने कुल 20 आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 166, 167, 201, 218, 409, 420, 467, 468, 471, 120-बी और भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं के तहत जिला अदालत में चालान पेश किया है।
ये बनाए 20 आरोपी
आरोपी सतबीर सिंह ठेकेदार, आरोपी दीपक कुमार तत्कालीन सहायक कार्यकारी अभियन्ता, आरोपी रमन कुमार तत्कालीन कार्यकारी अभियन्ता, आरोपी राजन तेवतिया तत्कालीन आउटसोर्सिंग कार्यकारी अभियन्ता, आरोपी दौलत राम भास्कर तत्कालीन मुख्य अभियन्ता, नवीन रत्रा तत्कालीन क्लर्क, लेखा शाखा से दीपा पब्बी तत्कालीन अधीक्षक लेखा शाखा, सीमा भाटिया तत्कालीन अधीक्षक लेखा शाखा, शशी आर्य तत्कालीन अधीक्षक लेखा शाखा, सतीश कुमार तत्कालीन ऑफिसर इंचार्ज अकाउंट लेखा शाखा, विशाल कौशिक तत्कालीन लेखाधिकारी लेखा शाखा, जरीना तत्कालीन ऑडिटर आडिट शाखा, आरोपी अमित तत्कालीन ऑडिटर आडिट शाखा, सुनील कुमार तत्कालीन ऑडिटर आडिट शाखा, राजेन्द्र सिंह तत्कालीन ऑडिटर आडिट शाखा, आरोपी मनीश शर्मा तत्कालीन सीनियर ऑडिटर आडिट शाखा, नवीन कुमार उर्फ नवीन यादव तत्कालीन सीनियर ऑडिटर ऑडिट शाखा, आरोपी दीपक थापर तत्कालीन संयुक्त निदेशक आडिट शाखा, आरोपी पंकज तत्कालीन आउट सोर्सिंग क्लर्क व प्रदीप कुमार तत्कालीन आउट सोर्सिंग क्लर्क नगर निगम फरीदाबाद।