एक्सरे जांच प्रभावित, रिपोर्ट लेने पहुंचे लोगों को भी करना पड़ा परेशानी का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को सुबह करीब 08:30 बजे बिजली पैनल में शॉर्ट सर्किट होने से कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके चलते एक्सरे जांच सहित कई स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं और मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अस्पताल के कुछ हिस्सों में बिजली उपलब्ध रही, जबकि कई विभागों में आपूर्ति ठप रहने से कामकाज प्रभावित हुआ।
बिजली समस्या का सबसे अधिक असर एक्सरे विभाग में देखने को मिला। तकनीकी कारणों से कई मरीजों की जांच नहीं हो सकी। अस्पताल पहुंचे मरीजों को घंटों इंतजार करने के बाद बिना जांच कराए वापस लौटना पड़ा। वहीं विभिन्न विभागों में पंखे और अन्य उपकरण बंद रहने से मरीजों और तीमारदारों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा।
खून जांच की रिपोर्ट लेने के लिए काउंटर संख्या-22 पर बड़ी संख्या में लोग कतार में खड़े नजर आए। बिजली न होने के कारण यहां भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। कई लोगों ने बताया कि लंबे समय तक लाइन में खड़े रहने के दौरान गर्मी और उमस से उनका बुरा हाल हो गया। अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों ने व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी जताई।
सेक्टर-58 निवासी राजेश कुमार ने बताया कि चिकित्सक ने उनका एक्सरे कराने के लिए भेजा था, लेकिन बिजली न होने के कारण जांच नहीं हो सकी। काफी देर इंतजार करने के बाद उन्हें वापस घर लौटना पड़ा।
वहीं बल्लभगढ़ निवासी सुनील ने बताया कि वह सुबह अस्पताल पहुंचे थे। एक्सरे विभाग में जांच नहीं होने के कारण उन्हें बिना उपचार प्रक्रिया पूरी किए लौटना पड़ा। उनका कहना था कि अस्पताल आने-जाने में समय और पैसा दोनों खर्च हुआ।
बिजली पैनल में शॉर्ट सर्किट होने के कारण कुछ समय के लिए समस्या उत्पन्न हुई थी। तकनीकी टीम द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मरीजों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।-डॉ. विकास गोयल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, जिला नागरिक अस्पताल।