सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी को बना शुभ संयोग, मंदिरों में लगी रही श्रद्धालुओं की भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के शुभ संयोग पर सोमवार को शहर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अलसुबह से ही भगवान शिव के जलाभिषेक और नाग देवता के पूजन के लिए मंदिरों के बाहर लंबी कतारें लग गईं। सुबह करीब पांच बजे मंदिरों के कपाट खुलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचने लगे। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, अक्षत, फल और पुष्प अर्पित किए। वहीं नाग पंचमी के अवसर पर नाग देवता की पूजा कर दूध, लावा और अन्य पूजन सामग्री चढ़ाई गई। लोगों ने परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और देश की खुशहाली की कामना की।
शिवलिंग का विशेष शृंगार किया गया
शहर के कई मंदिरों को फूलों, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया गया। शिवलिंग का विशेष शृंगार किया गया। कई मंदिरों में रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन और शिव आरती का आयोजन हुआ। ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। कई जगह सुबह चार बजे से ही भक्त कतारों में लग गए थे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिरों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस और मंदिर समितियों की ओर से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने के इंतजाम किए गए।
इन मंदिरों में रही भीड़
अजरौंदा स्थित प्राचीन शिव मंदिर, सेक्टर-37 के शिव मंदिर, ग्रीनफील्ड के शिव मंदिर, सैनिक कॉलोनी के शिव मंदिर, चावला कॉलोनी के शिव मंदिर, पथवारी मंदिर, एनआईटी नंबर-1 के वैष्णो देवी मंदिर, बस स्टैंड के काली मंदिर, सेक्टर-16 के लक्ष्मी नारायण मंदिर, तत्कालेश्वर शिव मंदिर नंबर-5, हनुमान मंदिर, बांके बिहारी मंदिर, जवाहर कॉलोनी के राम मंदिर, बल्लभगढ़ राजवाड़ा के शिव मंदिर, चतुर्भुज मंदिर, केदारनाथ मंदिर, सियाराम मंदिर, सीता राम मंदिर, भैया जी आश्रम, सेक्टर-8 के नीलकंठ महादेव मंदिर और सेक्टर-15 के गीता मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।