संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शराब की बोतल नहीं लाने पर 6 आरोपियों ने एक युवक के ऊपर जान से मारने की नियत से चाकू से हमला कर दिया। थाना सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर 2 मंदिर वाले पार्क के पास रहने वाले मनीष ने बताया कि वह गांव साहूपुरा स्थित कंपनी में काम करता है। 11 अगस्त को वह स्कूटी पर सवार होकर अपने घर से रघुवीर कॉलोनी से पानी की बोतल भरवा कर आ रहा था। तभी ब्रह्माकुमारी पार्क के पास सुमित, दीपक, सोनू, रवि, मुकुल ने उनका रास्ता रोककर स्कूटी की चाबी निकाल ली। उन्होंने शराब की बोतल लाने के लिए कहा। मना करने पर आरोपियों ने उसके ऊपर चाकू से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों की भीड़ देख आरोपी मौके से भाग गए। थाना सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं युवक का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है।