सेक्टर-37 से सरस्वती कॉलोनी ले जाकर दिया वारदात को अंजाम, सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-37 मार्केट के पास से एक युवक का अपहरण कर उसे सरस्वती कॉलोनी के खेतों में ले जाकर बेरहमी से पीटने और मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। रंजिश के चलते अंजाम दी गई इस वारदात में घायल युवक को बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपू और उसके साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
दिल्ली के मीठापुर एक्सटेंशन निवासी अनुराग मिश्रा ने पुलिस को बताया कि आठ मई की तड़के करीब 2:30 बजे वह अपने दोस्त आयुष उर्फ ऋषि के साथ बाईपास रोड स्थित एक दुकान पर मैगी खाने गया था। वहां दीपू नाम का युवक अपने दो साथियों के साथ आया और पुरानी रंजिश के चलते आयुष को जबरन ले जाने लगा। विरोध करने पर आरोपी उस समय तो चले गए, लेकिन कुछ देर बाद जब अनुराग अपने दोस्त अर्णव के साथ स्कूटी पर घर लौट रहा था, तब आरोपियों ने उनका पीछा शुरू कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, सेक्टर-37 मार्केट के पास अर्णव और आयुष मदद के लिए थाने की तरफ भागे, तभी दीपू और उसके साथियों ने अनुराग को दबोच लिया। आरोपी उसे जबरन स्कूटी पर बिठाकर सरस्वती कॉलोनी पल्ला के खेतों में ले गए, जहां आधा दर्जन युवकों ने उसे रॉड और डंडों से बुरी तरह पीटा। आरोपी अनुराग का मोबाइल फोन और स्कूटी में रखा अर्णव का मोबाइल छीनकर उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग गए। होश आने पर पीड़ित ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने पीड़ित अनुराग के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर 9 मई को आरोपी दीपू व अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 140(3), 351(2), 304(2) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।