वायरल वीडियो में गली में घसीटते दिख रहे निजी एजेंसी के कर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पर्वतीय चौकी क्षेत्र के वार्ड नंबर-8 संजय एन्क्लेव में कूड़ा उठाने की पर्ची काटने को लेकर विवाद के बाद एक व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें कूड़ा उठाने वाली निजी एजेंसी के दो से तीन कर्मी एक व्यक्ति को सरेआम गली में घसीटते और घूंसे मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है।
गली नंबर-12 निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे कूड़ा कलेक्शन करने वाला ट्रैक्टर उसके इलाके में आया। ट्रैक्टर पर सवार दो-तीन युवक घर-घर जाकर कूड़ा उठाने की पर्ची काट रहे थे और रुपये मांग रहे थे। प्रदीप के अनुसार, उन्होंने युवकों से पूछा कि पिछले चार-पांच दिनों से कूड़ा उठाया ही नहीं गया, फिर पैसे किस बात के मांगे जा रहे हैं। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कूड़ा कलेक्शन करने वाले युवकों ने प्रदीप को घर से घसीटकर बाहर निकाला और गली में बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए और गाली-गलौज भी की गई। जब घर की महिलाएं बीच-बचाव के लिए बाहर आईं, तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई और डराने-धमकाने की कोशिश की गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हंगामा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी युवक धमकी देकर भाग गए। प्रदीप कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। पर्वतीय चौकी प्रभारी महेश ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है। पीड़ित का बीके अस्पताल में मेडिकल किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।