कार सवार बदमाश सोने की चेन और लॉकेट लूटकर भागे
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। आईएमटी क्षेत्र स्थित एक सीएनजी पंप के बाहर गुरुवार रात एक युवक के साथ मारपीट और लूटपाट की वारदात सामने आई है। आरोप है कि कार में सवार चार युवकों ने पहले युवक को धमकाया और फिर पंप से बाहर निकलते ही मारपीट की। इसके बाद आरोपी उसकी सोने की चेन और लॉकेट छीनकर भाग गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आदर्श नगर निवासी राहुल गुरुवार रात अपनी कार में सीएनजी भरवाने के लिए आईएमटी स्थित एक सीएनजी पंप पर पहुंचे थे। राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसी दौरान वहां खड़ी दूसरी कार में सवार कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने राहुल को पंप से बाहर निकलकर देखने की धमकी दी।
राहुल के अनुसार जब वह सीएनजी भरवाकर पंप से बाहर निकले तो पहले से घात लगाए बैठे चार युवकों ने उनकी कार को रोक लिया। आरोप है कि कार सवार युवकों ने राहुल को जबरन बाहर निकालकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन और लॉकेट छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। आसपास के कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।