दिल्ली-मथुरा हाईवे पर शुक्रवार सुबह केली गांव के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। दिल्ली-मथुरा हाईवे पर शुक्रवार सुबह केली गांव के पास सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि सिलिंडर से भरे ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक करीब 200 मीटर तक युवक को घसीटता हुआ ले गया। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की सगाई हो गई थी। जल्द ही उसकी शादी होने वाली थी। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीकरी गांव निवासी तेजपाल (22) सेक्टर-58 स्थित कंपनी में नौकरी करते थे। शुक्रवार को वह बाइक से ड्यूटी जा रहे थे। कैली गांव के पास पीछे भारत गैस सिलिंडर से भरे ट्रक ने टक्कर मार दी। तेजपाल बाइक समेत वाहन के नीचे आ गए और करीब 200 मीटर तक घसीटते चले गए। उसके चालक ने ट्रक रोका तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। चालक ट्रक को छोड़कर मौके से भाग गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सीकरी पुलिस चौकी और ट्रैफिक पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एम्बुलेंस की मदद से बीके अस्पताल भिजवाया।
हो चुकी थी सगाई, जल्द होने वाली थी शादी
मृतक के पिता तारा चंद ने बताया कि तेजपाल रोज काम के लिए बाइक से बल्लभगढ़ जाते थे। तेजपाल सबसे बड़ा बेटे थे। सीकरी के सरपंच अनिल ने बताया कि तेजपाल की सगाई हो चुकी थी। जिसके कुछ समय के बाद शादी होने वाली थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।