नवीन नगर इलाके में किराये पर रहता था मृतक, पत्नी और बच्चों को प्रताड़ित करने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नवीन नगर इलाके में रहने वाले एक 30 वर्षीय युवक ने फेसबुक पर अपनी मौत का जिम्मेदार भाइयों और भाभियों को ठहराते हुए फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मूल रूप से बिहार के पूर्णिया जिले के गांव लोहजार निवासी असलम के रूप में हुई है। वह यहां मजदूरी कर अपने परिवार का गुजर-बसर करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शुक्रवार सुबह जब असलम काम पर नहीं पहुंचा, तो उसके साथी उसके कमरे पर पहुंचे। वहां असलम का शव फंदे से लटका मिला। साथियों ने जब असलम का फेसबुक पेज चेक किया, तो पाया कि उसने मरने से पहले एक भावुक पोस्ट और वीडियो साझा किया था। असलम ने लिखा कि वह अपनों का पेट पालने के लिए घर छोड़कर फरीदाबाद आया, लेकिन उसके दो भाई और भाभियां उसकी पत्नी व बच्चों को लगातार परेशान कर रहे हैं।
अपनी पोस्ट में असलम ने आरोप लगाया कि वह हर महीने अपनी मां को पैसे भेजता था, इसके बावजूद उसके भाई और भाभियां उसकी पत्नी को ताना देते थे। उसने फेसबुक पर लिखा कि उसके मरने के बाद उसकी पत्नी और बच्चों को इंसाफ दिलाया जाए, क्योंकि घर की जमीन पर उनका भी बराबर का हक है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि असलम के परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। उनके बिहार से फरीदाबाद पहुंचने के बाद ही उनके बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस फेसबुक पर अपलोड किए गए वीडियो और पोस्ट को साक्ष्य के तौर पर देख रही है।