- 2021 में फेसबुक के जरिये की थी आरोपी ने दोस्ती, हिसार का रहने वाला है आरोपी
- डीजीपी आदेश पर मामला स्टेट क्राइम टीम के पास पहुंचा था
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। साल 2021 में लापता हुई युवती की नहर में धक्का देकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हिसार के आरोपी मोहन (34) को गिरफ्तार कर इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर चार दिन का रिमांड लेकर पूछताछ करेगी।
एसीपी बल्लभगढ़ विष्णु प्रसाद ने बताया कि चावला कॉलोनी निवासी शशि 2021 में गायब हुई थी। शिकायत पर शहर थाने में युवती की गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने डीजीपी से मुलाकात की। डीजीपी आदेश पर मामला स्टेट क्राइम टीम के पास चला गया। स्टेट क्राइम टीम को भी युवती के बारे में सुराग नहीं मिला। इसके बाद फाइल वापस शहर थाना पुलिस को प्राप्त हुई। थाना प्रभारी सतीश के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने मामले में युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की। जिसके आधार पर हिसार के बरवाला निवासी मोहन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान मोहन ने युवती की हत्या का जुर्म कबूल किया। उसने बताया कि 2021 में फेसबुक के जरिए युवती से बात हुई थी। इस बीच दोनों के बीच मुलाकात का सिलसिला बढ़ता गया। इस दौरान शशि को मिलने के लिए बुलाया और सोनीपत लेकर चला गया। जहां पर उसने बड़वासनी नहर में शशि को धक्का देकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। आरोपी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद अपने घर से भी दो साल लापता रहा। हत्या के कारणों का पता करने के लिए आरोपी को चार दिन की रिमांड पर लिया।