अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। इंस्टाग्राम रील पर घर बैठे कमाई का झांसा देकर महिला से ठगी कर ली गई। महिला को टेलीग्राम पर जोड़कर प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 66096 रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में रिफंड के नाम पर और रुपये ट्रांसफर करने को कहते रहे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी में एफआईआर दर्ज कर टीम ने जांच शुरू की है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-46 एरिया की रहने वाली महिला ने दी है। इनका कहना है कि इंस्टाग्राम स्टोरी पर देखा था कि जसप्रीत कोच टेलीग्राम एप पर अपना चैनल चलाती हैं। वो गृहणियों को घर बैठे कमाई करने में मदद करती हैं और ट्रेनिंग देती हैं। टेलीग्राम पर शिकायतकर्ता महिला को भरोसे में लेकर प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे के साथ रुपये वापस मिलने की बात कहने लगे। महिला का आरोप है कि उन्हें झांसे में लेकर 3 बार में 66096 रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में न तो मुनाफा मिला और न ही निवेश किए गए रुपये ही वापस मिले। तब शिकायत पुलिस को दी गई। जिस पर अब साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।