21 साल के युवक पर नुकीले हथियार से हमला कर बाइक से गिराया
फिर सोने की चेन, हाथ का ब्रेसलेट व 18 हजार रुपये छीन लिए
बीपीटीपी थाने में दर्ज की गई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर एक युवती ने युवक को मिलने के लिए बुलाया। 21 साल का युवक बाइक पर सवार होकर सेक्टर-89 की सोसाइटी के पास पहुंचा तो दो बाइक सवार 5-6 हमलावरों ने नुकीले हथियार से युवक पर हमला कर दिया। युवक बाइक से गिरा तो उसके गले से सोने की चेन, हाथ का ब्रेसलेट व 18 हजार रुपये छीनकर आरोपी भाग गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि बीपीटीपी थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।
डबुआ कॉलोनी के रहने वाले 21 साल के युवक ने शिकायत पुलिस को दी है। आरोप है कि इंस्टाग्राम पर युवक की आईडी पर अक्तूबर 2025 में भूमि नामक युवती की आईडी से मैसेज व फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। 3 दिन तक दोनों में मैसेज पर बात हुई तो युवक को लगा कि ये भूमि लड़की नहीं है। युवक ने फोटो मांगी तो उसने फोटो नहीं दी। आरोप है कि दिसंबर में फिर से उसी आईडी से युवक को मैसेज भेजा जिसमें लड़की की आवाज में वॉइस रिकॉर्डिंग भेजी गई थी।
युवक को भरोसा हो गया कि ये लड़की ही है। युवक के अनुसार बार-बार उसे मिलने के लिए युवती ने मैसेज भेजे। 4 जनवरी को युवती ने मैसेज कर कहा कि मेरे घर पर कोई नहीं है, तुम मिलने आ जाओ। युवक ने वॉइस कॉल पर बात की तो युवती ने शाम 7 के बाद आने को कहा। युवक सेक्टर-89 टीडीआई सोसाइटी पहुंचा और युवती को मैसेज भेजा तो वो बोली कि थोड़ा आगे आ जाओ, यहां गार्ड है। थोड़ा आगे जाने पर युवक को एक लड़की दिखाई दी और इसने बाइक रोक दी। आरोप है कि तभी दो बाइक पर सवार होकर 5-6 युवक आए और नुकीले हथियार से पीड़ित युवक पर वार कर नीचे गिरा दिया। आरोपियों ने गले से सोने की चेन, हाथ का ब्रेसलेट व जेब से 18 हजार रुपये लूट लिए । राहगीरों ने पीड़ित को बचाया तो आरोपी धमकी देकर वहां से भाग गए। युवक को घायल हालत में सेक्टर-88 के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।