थाना सदर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत आईएमटी चौकी के पास गांव मुझेडी स्थित शराब के ठेके पर रंजिश को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद देर रात एक युवक के घर तक पहुंच गया, जहां आरोपियों ने हवाई फायरिंग की। थाना सदर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
गांव मुझेडी के रहने वाले दो पक्षों के बीच वर्ष 2014 से डीजे के काम को लेकर रंजिश चली आ रही है। रंजिश के चलते 13 जनवरी की शाम को आईएमटी चौकी के पास शराब पीने के दौरान रोहित और गौरव के बीच कहासुनी हो गई। उस समय मामला शांत हो गया। उसके बाद अगले दिन 14 जनवरी बुधवार रात 8 बजे दोनों युवक एक बार फिर उसी शराब के ठेके पर पहुंचे, जहां दोबारा कहासुनी हो गई। वहां पर दोनों शांत होकर अपने-अपने घर चले गए। देर रात रोहित अपने घर पर बैठा हुआ था। तभी गौरव व अन्य रोहित की गली में पहुंचे और गाली गलौज करते हुए चार राउंड हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान रोहित अपने परिवार वालों के साथ घर के अंदर चला गया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कारतूस के दो खोल बरामद किए गए हैं। घटनास्थल पर क्राइम ब्रांच और बीपीटीपी थाना पुलिस की टीम भी पहुंची। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।