छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के लिए छात्र-छात्राओं के लिए तीन दिवसीय योग ओलंपियाड का आयोजन सोमवार से शुरू होगा। इस दौरान छात्रों को योग के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों को भारतीय संस्कृति से जोड़ना है। फरीदाबाद खंड के लिए योग ओलंपियाड का आयोजन एनआईटी तीन स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जबकि बल्लभगढ़ खंड के लिए ऊंचा गांव स्थित राजकीय विद्यालय में किया जाएगा।
ओलंपियाड के दौरान छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन क्विज, पोस्टर मेकिंग सहित अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। यह क्विज प्रारंभिक, मध्य और माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए होगी, जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में योग के प्रति रुचि बढ़ाना, भारतीय ज्ञान परंपरा से परिचित कराना और एक स्वस्थ व संतुलित जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
यह ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता चार दिनों तक विभिन्न आयु एवं कक्षा समूहों के विद्यार्थियों के लिए चरणबद्ध तरीके से चलेगी, जिसमें छात्र चार अलग-अलग वर्गों में मुकाबला करेंगे। इनमें कक्षा तीसरी से पांचवीं, छठी से आठवीं, नौवीं से दसवीं और ग्यारहवीं से बारहवीं तक के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
इस आयोजन को लेकर अध्यापकों ने कहा कि योग हमारी भारतीय ज्ञान परंपरा का एक अनमोल और महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो बच्चों के शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक विकास में बड़ी भूमिका निभाता है। इस ओलंपियाड के जरिए विद्यार्थियों में योगिक अभ्यासों की बेहतर समझ विकसित होगी और वे पढ़ाई के साथ-साथ पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों के मूल्यों को भी आसानी से सीख सकेंगे।
-
योग ओलंपियाड की थीम विकसित भारत रखी गई है। इस आयोजन मेंं सभी छात्र बढ़-चढ़कर भाग लें।- अंशु सिंगला, जिला शिक्षा अधिकारी