साइबर ठगों का नया तरीका आया सामने, एक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-58 थाना इलाके में रहने वाले व्यक्ति ने अपने 15 साल के बेटे के लापता होने पर ढूंढने की आस में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। इसका फायदा साइबर ठगों ने उठाया और पोस्ट में दिए गए नंबर पर संपर्क कर 10 हजार रुपये ठग लिए। जिस बैंक खाते में रुपये पहुंचे, उसके आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान यूपी के मरोचा निवासी इस्तशाम के तौर पर हुई। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि उसने अपना बैंक खाता आगे ठगों को दिया हुआ था। आरोपी दिल्ली में एक चाय की दुकान पर काम करता है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सिकरौना चौकी की पुलिस टीम ने पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
मामले में पुलिस को शिकायत सेक्टर-58 थाना इलाके की शिव कॉलोनी में रहने वाले संतोष सिंह ने 8 अप्रैल को दी थी। शिकायत में बताया कि 7 अप्रैल को उनका 15 साल का बेटा बगैर बताए घर से चला गया था। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान संतोष ने भी अपने स्तर पर बेटे को ढूंढने के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट डलवा दी थी। इस पोस्ट में उन्होंने अपना मोबाइल नंबर भी दिया था। संतोष के अनुसार 8 अप्रैल को उनके पास एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि आपका बेटा मेरे पास है, 10 हजार रुपये मेरे खाते में डाल दो। आरोपी ने उनके पास क्यूआर कोड भेजा और शिकायतकर्ता ने 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में आरोपी ने संपर्क बंद कर दिया। तब ठगी का अहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा। सेक्टर-58 थाना अंतर्गत सिकरौना चौकी की पुलिस टीम ने जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।