संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार देर रात यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर खड़ी दक्षिण एक्सप्रेस (12722) तकनीकी खराबी के कारण लगभग ढाई घंटे तक नहीं चल सकी। ट्रेन के रुकने से यात्रियों में बेचैनी और असमंजस का माहौल बना रहा।
वाणिज्य निरीक्षक रेलवे राजेश कुमार ने जानकारी दी कि दक्षिण एक्सप्रेस रात 11 बजकर 13 मिनट पर फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पहुंची थी। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आई, इंजन में तकनीकी समस्या आ गई, जिसके कारण ट्रेन को आगे बढ़ाने में दिक्कत हुई। रेलवे का तकनीकी दल मौके पर पहुंचा और मरम्मत कार्य शुरू किया। मरम्मत का कार्य लगभग दो से ढाई घंटे तक चलता रहा।
इस दौरान ट्रेन में बैठे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। न तो यात्री ट्रेन से उतरकर बाहर जा पा रहे थे और न ही सही जानकारी मिल पा रही थी। कई यात्रियों ने बताया कि लंबा इंतजार करने से उन्हें समय और सुविधा दोनों का नुकसान हुआ। वहीं, रेलवे अधिकारियों का कहना था कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन को तब तक नहीं चलाया जा सकता था जब तक तकनीकी खराबी पूरी तरह दूर न हो जाए।
तकनीकी दल ने मरम्मत पूरा करने बाद ट्रेन को देर रात रवाना किया। इसके चलते ट्रेन अपने निर्धारित समय से काफी देरी से गंतव्य की ओर रवाना हुई। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए तकनीकी जांच और निगरानी सख्त की जाएगी।
वर्जन-
हम रात 11 बजे से ट्रेन में बैठे थे और ढाई घंटे तक ट्रेन प्लेटफॉर्म पर ही खड़ी रही। किसी को सही जानकारी नहीं मिल पा रही थी। छोटे बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों को काफी दिक्कत हुई। इंतजार के कारण सफर थकाऊ और तनावपूर्ण बन गया। - महेश
दक्षिण एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे लेकिन इंजन की खराबी के कारण घंटों प्लेटफॉर्म पर फंसे रहे। खाने-पीने और बैठने की सुविधा सीमित होने से काफी परेशानी हुई। - रेखा