मर्चेंट नेवी कर्मी शक्ति का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव हापुड़ में किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार तड़के हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दो युवकों का अंतिम संस्कार सोमवार को बल्लभगढ़ की भूदत्त कॉलोनी में किया गया। परिजनों और क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से दोनों को अंतिम विदाई दी।
वहीं हादसे में मृत मर्चेंट नेवी कर्मी शक्ति का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव हापुड़ (उत्तर प्रदेश) में किया गया। इसके अलावा हादसे में घायल कुलदीप और दीपक वर्मा को जम्मू के अस्पताल से डिस्चार्ज करवाने के बाद आगे के उपचार के लिए फरीदाबाद लाया जा चुका है। मृतकों में शामिल भूदत्त कॉलोनी निवासी मोहित वर्मा परिवार की दो बहनों के इकलौते भाई थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता सुनील वर्मा सदमे में बेहोश होकर गिर पड़े, जबकि घर की महिलाओं और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं हादसे में घायल दीपक वर्मा उनका चचेरे भाई हैं। वहीं मृतक सिकंदर सैफी बाईपास क्षेत्र में कार मैकेनिक का काम करते थे।
दो महीने पहले आए थे भारत
हादसे में जान गंवाने वाले शक्ति मूलरूप से हापुड़ के निवासी थे और भूदत्त कॉलोनी में किराये पर रहते थे। बताया जाता है कि वह पहले दुबई में नौकरी करते थे लेकिन अमेरिका-ईरान तनाव के चलते करीब दो महीने पहले भारत लौट आए थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, पांचों युवक दो दिन पहले घूमने के लिए घर से निकले थे। रविवार सुबह सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत और दो के घायल होने की सूचना मिलते ही परिवारों में मातम छा गया। परिजन तत्काल जम्मू के लिए रवाना हुए और शवों को लेकर वापस लौटे।