संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सूरजकुंड मेले में मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता की अलख भी जगाई जा रही है। शनिवार को हरियाणा मानव अधिकार आयोग की ओर से मेले की छोटी चौपाल पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
आयोग के कलाकारों की ओर से छोटी चौपाल पर एक प्रभावशाली लघु नाटक प्रस्तुत किया गया। इस नाटक के माध्यम से पर्यटकों को मानव अधिकारों के हनन, सामान्य नागरिक के अधिकारों और किसी भी प्रकार के शोषण के विरुद्ध आयोग से मदद लेने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। नाटक के माध्यम से दर्शकों को सजगता ही अधिकारों की रक्षा का सबसे सशक्त माध्यम के बारे में संदेश दिया गया।
कलाकारों ने बड़ी ही सहजता से नाटक के जरिए दर्शाया कि हरियाणा मानव अधिकार आयोग किस प्रकार आम जन की शिकायतों पर संज्ञान लेता है और न्याय सुनिश्चित करता है। मेले में आए पर्यटकों ने इस ज्ञानवर्धक प्रस्तुति की सराहना की। इस मौके पर हरियाणा मानव अधिकार आयोग के चेयरपर्सन जस्टिस ललित बत्रा, कुलदीप जैन, सदस्य दीप भाटिया व रजिस्ट्रार संजय कुमार खडूंजा सहित अन्य अधिकारी व पर्यटक मौजूद रहे।