फरीदाबाद। बीपीटीपी थाना क्षेत्र के प्रहलादपुर गांव में शनिवार सुबह शॉर्ट सर्किट से मकान में आग लग गई। घर पर किसी के मौजूद न होने से किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। धुआं निकलता देख लोगों ने तुरंत मकान मालिक, पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग के कर्मचारियों की ओर से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कमरे में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। मकान मालिक शौकीन अली ने बताया कि वह सुबह करीब आठ बजे काम पर चले गए थे। पत्नी भी काम पर गई थीं, जबकि बच्चे स्कूल गए हुए थे। करीब 10 बजे उन्हें घर में आग लगने की जानकारी मिली। शौकीन अली के मुताबिक, घर के बिजली मीटर के आसपास शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लगने की आशंका है। आग तेजी से फैलने के कारण कूलर, कपड़े, बेड, वॉशिंग मशीन, टीवी, फ्रिज, अलमारी समेत अधिकांश घरेलू सामान जल गया। आग की तेज गर्मी से मकान की ऊपरी छत में भी दरारें आ गई हैं। मकान मालिक ने बताया कि आग से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बीपीटीपी थाना प्रभारी प्रदीप मोर ने बताया कि सुबह करीब 9:45 बजे प्रहलादपुर गांव में मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। संवाद