जिला प्रशासन आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी मुहैया करा रहा है। प्रशासन सेवाओं का लाभ दिलाने के साथ विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर रहा है।
इसी क्रम में सराय ख्वाजा, सेक्टर-37 में सेवा सेतु कैंप लगाया गया। इसमें विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर परिवार पहचान पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित अन्य सेवाओं की जानकारी दी। पात्र लोगों के आवेदन और दस्तावेज संबंधी प्रक्रिया भी मौके पर पूरी कराई गई। अतिरिक्त उपायुक्त एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला नोडल अधिकारी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि सेवा सेतु कैंपों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को लोगों के घर-द्वार के नजदीक पहुंचाना है। वहीं, अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता, चित्र प्रदर्शनी और रंगोली जैसी गतिविधियां कराई गईं। लिंगयाज पब्लिक स्कूल में जागरूकता गतिविधियां हुईं, जबकि मॉडर्न डीएवी पब्लिक स्कूल एनएच-1 और श्री सनातन धर्म सीनियर सेकेंडरी स्कूल 1बी में चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। हंसराज कॉन्वेंट स्कूल, बुखारपुर में विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से स्वच्छता व जागरूकता का संदेश दिया। द मॉडर्न स्कूल, सेक्टर-85 में ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित हुई। ब्यूरो