-कैबिनेट मंत्री ने शुरू की नाइट स्वीपिंग परियोजना
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। कैबिनेट मंत्री ने आज ओल्ड फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के वाणिज्यिक एवं पार्किंग क्षेत्रों में नाइट स्वीपिंग कार्य का शुभारंभ किया। इसके के बाद उन्होंने वार्ड-35 के गांव बुढ़ैना में सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। यह भवन सामाजिक सांस्कृतिक और सार्वजनिक गतिविधियों के लिए आधुनिक एवं सुविधाजनक मंच प्रदान करेगा। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह केवल एक इमारत का निर्माण नहीं है बल्कि यह गांव की एकता, विश्वास और विकास के नए अध्याय का प्रतीक है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि सभी के सहयोग, आशीर्वाद और सामूहिक संकल्प का परिणाम है। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के साथ नगर निगम मेयर प्रवीण जोशी और राज्य मंत्री राजेश नागर भी मौजूद रहे।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह पहल क्षेत्र में स्वच्छता, सुव्यवस्था और बेहतर नागरिक सुविधाओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से आरंभ की गई है। लगभग 1.06 रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना के अंतर्गत 1,63,750 वर्गमीटर क्षेत्रफल को कवर किया जाएगा। इसके लिए 41 सफाई कर्मी, 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 33 रिक्शा और 2 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इस पहल से स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण बेहतर सुविधाएं और सुव्यवस्थित शहरी व्यवस्था का लाभ मिलेगा।