पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नाहर सिंह कॉलोनी निवासी राजेश की पत्नी तान्या अपने बेटे मरीन के साथ मंगलवार की दोपहर सेक्टर-3 स्थित जाट भवन के सामने खड़ी थी। वह किसी काम से सेक्टर-3 की तरफ गई थी। घर वापस जाने के लिए जब वह सड़क पार कर रही थी। तभी तिगांव रोड की ओर से टेंपो ट्रैवलर बस आई और मां-बेटे को टक्कर मार दी।
बस बच्चे के ऊपर से गुजर गई। दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। वहीं महिला का उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार अभी परिजनों की ओर से किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं मिली है। वहीं महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
नशे में था चालक
स्थानीय लोगों ने बताया कि टेंपो ट्रैवलर बस का चालक नशे में धुत था। जिसके चलते यह घटना घटित हुई है। हादसा होने के बाद टेंपो ट्रैवलर बस का संतुलन बिगड़ गया और पेट्रोल पंप के सामने बनी ग्रिल से बस जाकर टकराई। टकराने के बाद ही बस रुकी।