100 किलोमीटर की सड़कों का होगा कायाकल्प, हाई पावर कमेटी से मिली स्वीकृति
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के लिए चंडीगढ़ में हुई उच्च स्तरीय बैठक से बड़ी सौगात मिली है। मुख्य हरियाणा सिविल सचिवालय में आयोजित विभागीय हाई पावर खरीद कमेटी की बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाली कई अहम परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इन फैसलों से आने वाले समय में खेल सुविधाओं, सड़कों और पेयजल व्यवस्था के लिए 150 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों को हरी झंडी मिली है।
बैठक में नीमका में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके लिए पैनल में शामिल आर्किटेक्ट्स में से फर्म चयन हेतु आरएफपी तैयार किया जाएगा। अनुमान है कि इस परियोजना पर 70 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को आधुनिक मानकों के अनुरूप डिजाइन किया जाएगा। इसमें क्रिकेट ग्राउंड, स्विमिंग पूल, एथलेटिक्स ट्रैक और विभिन्न इनडोर-आउटडोर खेलों की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
बैठक की अध्यक्षता शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने की। इसमें नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में प्रस्तुत संशोधित दरों और प्रस्तावों को उचित मानते हुए स्वीकृति प्रदान की गई।
सड़कों का राइट ऑफ वे के तहत विकास
शहर की विभिन्न प्रमुख और आंतरिक सड़कों के लगभग 100 किलोमीटर क्षेत्र को राइट ऑफ वे योजना के तहत विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने हेतु आर्किटेक्ट/डिजाइन इंजीनियरिंग फर्म के चयन की दरों को अनुमोदित किया गया। योजना के तहत सड़कों का समग्र री-डिजाइन किया जाएगा। सड़क किनारे पक्के ड्रेन, व्यवस्थित फुटपाथ, आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग, साइकिल ट्रैक और हरित पट्टी जैसे तत्व शामिल किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार डिजाइनिंग का कार्य अनुभवी कंपनी को दिया जाएगा ताकि सड़कें केवल आवागमन का साधन न रहकर सुव्यवस्थित शहरी ढांचे का हिस्सा बनें।
अमृत 2.0 से बदलेगी जल व सीवरेज व्यवस्था
अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों के लिए डीपीआर और डीएनआईटी तैयार करने तथा पर्यवेक्षण के लिए कंसल्टेंट नियुक्त करने की दरों को भी मंजूरी दी गई है। इस योजना के तहत पेयजल लाइनों का सुदृढ़ीकरण, नई पाइपलाइन बिछाने, सीवरेज नेटवर्क सुधारने और बड़े पार्कों के विकास जैसे कार्य शामिल होंगे। प्रस्तावित योजना के तहत भविष्य में 24 घंटे जल आपूर्ति की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे।
जल्द जारी होंगे वर्क ऑर्डर
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के अनुसार स्वीकृत परियोजनाओं के लिए प्रक्रिया पूरी कर जल्द वर्क ऑर्डर जारी किए जाएंगे। खरीद नीति के तहत संशोधित दरों को तर्कसंगत पाया गया है और निविदा की शर्तें यथावत लागू रहेंगी। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से फरीदाबाद के बुनियादी ढांचे को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। सड़कों का कायाकल्प, जल आपूर्ति में सुधार और आधुनिक खेल सुविधाएं तीनों पहल शहर के समग्र विकास की तस्वीर को बदल सकती हैं।