नीलम-बाटा रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास हुई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। नीलम-बाटा रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास युवक का मोबाइल फोन छीनकर एक बदमाश भागने लगा। युवक जल्दबाजी में बाइक में चाबी लगी छोड़कर उसका पीछा करने लगा। इसी दौरान दूसरे बदमाश ने युवक की बाइक उड़ा ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव अल्लीपुर निवासी अनुज ने पुलिस को बताया कि 9 जून की रात करीब 8:45 बजे वह बाइक में पेट्रोल भरवाने नीलम-बाटा रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर गया था। पेट्रोल भरवाने के बाद उसे घर से फोन आ गया, जिसके चलते वह पेट्रोल पंप के सामने ही बाइक खड़ी कर बातचीत करने लगा। इस दौरान एक अज्ञात युवक उसके हाथ से मोबाइल छीनकर नीलम चौक की ओर भागने लगा। मोबाइल छीनने के बाद वह जल्दबाजी में बाइक में चाबी लगी छोड़कर आरोपी के पीछे दौड़ पड़ा। इसी दौरान पीछे से किसी दूसरे बदमाश ने उसकी बाइक चोरी कर ली।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि दोनों आरोपियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि थाना कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।