फरीदाबाद। सूरजकुंड थाना क्षेत्र के अनंगपुर गांव के रहने वाले रामवीर को एक बस ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने बस चालक को पकड़ कर पीट दिया। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। मौके पर पहुुुंची पुलिस ने उसका पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी एएसआई जयकरन सिंह ने बताया कि ट्रांसपोर्टर लक्ष्मण ने शिकायत दी है कि वह शुक्रवार रात महीपाल गार्डन के समीप खड़े थे। उनका भाई रामवीर (35) मोटर साइकिल से दिल्ली की तरफ से अनंगपुर चौक की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान महीपाल गार्डन के सामने एक सफेद रंग की बस ने रामवीर की बाइक में टक्कर मार दी।
इससे रामवीर बस के पिछले टायर के नीचे आ गया। दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, बाइक सवार ने हेलमेट लगाया हुआ था। दुर्घटना के बाद खानपुर का रहने वाला बस चालक विपिन पुत्र जय प्रकाश बस को छोड़ कर भागने लगा। उन्होंने गांव के हरवीर व अजीत समेत अन्य लोगों के मदद से चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मामला दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।