ट्रक में डीजे के ऊपर खड़ा होकर जयकारे लगा रहा था मृतक
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरिद्वार से अपने साथियों के साथ डाक कांवड़ लेकर आए दो कांवड़िये हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया वहीं दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। दोनों ट्रक में डीजे के ऊपर खड़े होकर जयकारे लगा रहे थे।
गांव लहडोला निवासी संदीप ने बताया कि उनका भतीजा रवि 19 जुलाई को अपने साथियों के साथ हरिद्वार डाक कावड़ लेने गया था। बुधवार की सुबह वह गांव से मात्र चार किलोमीटर दूर गांव फरीदपुर के पास थे। रवि ट्रक में डीजे के ऊपर खड़ा होकर जयकारे लगा रहा था। तभी गांव की सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन उसके माथे को छू गई। उसके साथ एक दोस्त अनिल भी खड़ा था। दोनों झुलस गए, उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने रवि को मृत घोषित कर दिया वहीं अनिल गंभीर का उपचार चल रहा है। मृतक के चाचा संदीप ने बताया कि रवि निजी फैक्ट्री में काम करता था। पिता सतपाल खेती बाड़ी करते हैं।