फरीदाबाद। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) से प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए 14 सितंबर को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में युवाओं को शिक्षुता (अप्रेंटिसशिप) के साथ नौकरी पाने का भी अवसर मिलेगा।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था ओल्ड फरीदाबाद के प्रवक्ता ने बताया कि यह शिक्षुता कम रोजगार मेला सेक्टर-18ए स्थित आईटीआई परिसर में आयोजित होगा। कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। आईटीआई परिसर एमसीएफ कार्यालय के पास स्थित है। मेले में फरीदाबाद जिले के नामित प्रतिष्ठान भाग लेंगे। यहां आईटीआई पास कर चुके छात्र अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न प्रतिष्ठानों में शिक्षुता और रोजगार के अवसर तलाश सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार, मेले का उद्देश्य प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को सीधे उद्योगों से जोड़ना है, ताकि उन्हें रोजगार के लिए अलग-अलग जगह भटकना न पड़े। संवाद