- कम्युनिटी सेंटर, डिजिटल लाइब्रेरी और इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए नगर निगम ने शुरू की प्रक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर के वार्ड नंबर-15 के लिए नगर निगम ने एक बड़ी योजना पर काम शुरू कर दिया है। निगम की तरफ से करीब तीन एकड़ भूमि पर एक अत्याधुनिक कम्युनिटी सेंटर, आधुनिक सुविधाओं से लैस लाइब्रेरी और इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा। इस परियोजना को लेकर नगर निगम आर्किटेक्ट फर्म और कंसल्टेंट की मदद से रोडमैप तैयार कर रहा है। यह परिसर को पूरे क्षेत्र के लिए एक बहुउद्देशीय सार्वजनिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे वार्ड-15 के साथ आसपास के वार्डों के हजारों लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार प्रस्तावित परिसर का मास्टर प्लान इस तरह तैयार किया जाएगा कि कम्युनिटी सेंटर, लाइब्रेरी और इंडोर स्पोर्ट्स सुविधाएं एक-दूसरे से जुड़ी हों लेकिन अपनी-अपनी पहचान और उपयोगिता भी बनाए रखें। वार्ड-15 में फिलहाल इस स्तर की कोई एकीकृत सार्वजनिक सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण लोगों को सामाजिक कार्यक्रमों, पढ़ाई या खेल गतिविधियों के लिए निजी संस्थानों या शहर के अन्य हिस्सों में जाना पड़ता है। निगम ने कंसल्टेंट को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के लिए 60 दिन का समय दिया है। डीपीआर में साइट एनालिसिस, डिजाइन, निर्माण लागत और समय सीमा का विस्तृत आकलन शामिल होगा। इसके बाद निर्माण कार्य का काम शुरू किया जाएगा।
मिलेगा सामाजिक आयोजनों का नया केंद्र
प्रस्तावित कम्युनिटी सेंटर में एक बहुउद्देशीय हॉल बनाया जाएगा जहां शादी-ब्याह, सामाजिक समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्थानीय बैठकों का आयोजन हो सकेगा। इसके साथ ही किचन, डाइनिंग एरिया और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था होगी। नगर निगम का मानना है कि इससे लोगों को महंगे निजी बैंक्वेट हॉल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और मध्यम व निम्न आय वर्ग को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
डिजिटल लाइब्रेरी से छात्रों को मिलेगा लाभ
लाइब्रेरी को केवल पारंपरिक पुस्तकों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इसमें डिजिटल लाइब्रेरी सेक्शन, कंप्यूटर लैब, इंटरनेट एक्सेस और ई-बुक्स की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। फरीदाबाद में बड़ी संख्या में ऐसे छात्र हैं जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं लेकिन निजी कोचिंग और लाइब्रेरी का खर्च वहन नहीं कर पाते। यह सुविधा खासतौर पर ऐसे युवाओं के लिए उपयोगी साबित होगी। स्थानीय स्तर पर शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में इसे एक अहम कदम माना जा रहा है।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
परिसर में प्रस्तावित इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम और शतरंज जैसे खेलों के लिए आधुनिक कोर्ट और सुविधाएं विकसित की जाएंगी। फरीदाबाद पहले से ही खेल प्रतिभाओं के लिए जाना जाता है लेकिन स्थानीय स्तर पर इंडोर खेल सुविधाओं की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इस कॉम्प्लेक्स से युवाओं को अभ्यास का बेहतर अवसर मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर प्रतियोगिताओं के आयोजन का रास्ता भी खुलेगा।
ग्रीन और स्मार्ट कॉन्सेप्ट पर होगा निर्माण
नगर निगम ने साफ किया है कि यह पूरा प्रोजेक्ट पर्यावरण के अनुकूल और ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा पर आधारित होगा। परिसर में सोलर पैनल, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और आधुनिक कचरा प्रबंधन व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके साथ ही दिव्यांगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रैंप, विशेष लिफ्ट और बाधा रहित आवागमन की व्यवस्था की जाएगी।
लोगों की सुविधा के लिए निगम तेजी से काम कर रहा है। जल्द ही लोगों को इन परियोजनाओं का लाभ मिलना भी शुरू हो जाएगा। - धीरेंद्र खड़गटा, निगमायुक्त