12 से 14 दिसंबर हो होगा आयोजन, देशभर से आने वाले हजारों लोग लेंगे हिस्सा
कार्यक्रम में युवा पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गुर्जर समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और सामाजिक एकता को नई पहचान दिलाने वाला गुर्जर महोत्सव 2025 सूरजकुंड परिसर में आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर 12 से 14 दिसंबर की तारीख तय की गई है। देशभर से आने वाले हजारों लोग उत्सव में हिस्सा लेंगे।
महोत्सव में गुर्जर समुदाय के इतिहास, लोक कला, लोक संगीत, पारंपरिक वेशभूषा, खानपान और सांस्कृतिक खासियतों को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इस बार कार्यक्रम में युवा पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा, ताकि उन्हें अपनी जड़ों और पहचान का बेहतर एहसास हो सके।
महोत्सव में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक आदान- प्रदान और समुदाय के उत्थान से जुड़े विविध कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन गुर्जर समाज के लिए न केवल अपनी परंपराओं के संरक्षण का माध्यम है, बल्कि देश के अन्य समुदायों को भी गुर्जर संस्कृति से रूबरू कराने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
आयोजकों ने बताया कि मेले में विभिन्न राज्यों से कलाकार, इतिहासकार, सामाजिक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समुदाय के लोग शामिल होंगे। सूरजकुंड में लगने वाला यह महोत्सव गुर्जर संस्कृति के नए और जीवंत स्वरूप को सामने लाने के लिए तैयार है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी स्टॉल लगाई जाएंगी, जहां गुर्जर समाज के परिधानों को दर्शाया जाएगा। इसके साथ ही फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे।