संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। लघु सचिवालय में अगर कोई व्यक्ति हाफ पैंट पहनकर अपना कार्य करवाने के लिए आता है तो उसको एंट्री नहीं मिलेगी। एसडीएम बल्लभगढ़ की ओर से नोटिस लगाकर लोगों को अवगत कराया जा रहा है।
बल्लभगढ़ लघु सचिवालय में रोजाना हजारों की संख्या में लोग अपना कार्य करवाने के लिए आते हैं। इस दौरान कुछ युवा हाफ पैंट पहनकर कार्यालय में आते हैं। जिससे कार्यालय में मौजूद महिलाएं व अन्य लोगों को कई बार परेशानी होती है। परेशानी को देखते हुए अनुशासन बनाए रखने के लिए एसडीएम बल्लभगढ़ की ओर से एक नोटिस जारी किया गया है। जिसमें कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति हाफ पैंट पहनकर कार्यालय में नहीं आएगा। अगर कोई आता है तो उसको कार्यालय में एंट्री नहीं मिलेगी। इसको लेकर उनकी ओर से मुख्य गेट में एंट्री करते ही वेटिंग रूम में बनी सीट के ऊपर नोटिस लगा दिया गया है। साथ ही मुख्य गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मी को भी आदेश दिए गए हैं कि वह हाफ पैंट पहनने वाले लोगों को एंट्री ना दे।