चालक कार लेकर हुआ फरार, पुलिस ने मामला जर्द कर जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अमोलिक चौक पर दो अक्तूबर की शाम पांच बजे दादा के साथ भंडारा लेने पहुंचे बच्चे को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मारकर हवा में उछाल दिया। उस बच्चे की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। खेड़ीपुल थाना पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
बिहार के लक्खी सराय निवासी मोहन बिंद शहर के सेक्टर 85 में परिवार के साथ रहते हैं। वह अपने चार साल के पोते सचिन के साथ अमोलिक चौक पर दो अक्तूबर की शाम पांच बजे भंडारा लेने गए थे। जहां से वापस आते समय सचिन को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मारकर हवा में उछाल दिया। टक्कर से पोता गंभीर रूप से घायल हो गया। कार सहित चालक मौके से फरार हो गया। सचिन को इलाज के लिए नजदीकी अस्पलात लेकर पहुंचे। जहां से डॉक्टरों ने बीके अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहांं अस्पताल में इलाज के दौरान सचिन की मौत हो गई। खेड़ीपुल थाना पुलिस ने मोहन बिंद की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कार सहित फरार चालक को तलाश कर रही है।