सैनिक की पत्नी को सोने के बदले दिए थे 10 प्रतिशत ब्याज पर 4.50 लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
तिगांव। गांव में एक सूदखोर द्वारा भारतीय सेना के जवान की पत्नी के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने महिला के 12 तोले सोने को गिरवी रखवाकर उस पर ब्याज के नाम पर रुपये दिए थे, लेकिन अब सोना वापस करने से इन्कार कर रहा है।
तिगांव निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पति भारतीय सेना में सैनिक है और इस समय ड्यूटी पर तैनात है। अप्रैल 2024 में जब उसे रुपयों की जरूरत पड़ी तो उसने गांव के ही सुनील वर्मा नामक व्यक्ति से संपर्क किया, जो सूदखोरी का काम करता है। आरोप है कि सुनील वर्मा ने महिला को 10 प्रतिशत ब्याज पर साढ़े चार लाख रुपये दिए और बदले में 12 तोले सोना गिरवी रख लिया। महिला का कहना है कि उसने अब तक तीन लाख रुपये लौटा भी दिए हैं, फिर भी आरोपी सोना लौटाने से मना कर रहा है।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने सोना वापस मांगना चाहा तो आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर महिला ने तिगांव थाने में शिकायत दी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी सुनील वर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की पूरी जांच की जा रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई कर जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।