संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। भनकपुर गांव में रविवार दोपहर रील बनाने के दौरान एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे में कार में सवार चार युवक-युवतियां घायल हो गए, जबकि घर के बाहर बंधा एक भैंस का बछड़ा कार की चपेट में आकर खत्म हो गया।
भनकपुर निवासी सोहन के अनुसार, गांव की ओर आने वाली सिंगल रोड पर एक अर्टिगा कार में चार लोग बैठे थे। कार काफी रफ्तार में थी। इसी दौरान ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पहले दो पेड़ों से टकराया, फिर एक घर की बाउंड्री दीवार पर चढ़ते हुए बिजली के खंभे से टकराकर पलट गया।
जोरदार धमाका सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और करीब 10 - 12 ग्रामीणों ने मिलकर कार को सीधा किया। एयरबैग खुलने से बड़ी अनहोनी टल गई, हालांकि चारों सवारों को चोटें आई हैं। ड्राइवर के पैरों में गंभीर चोटें बताई जा रही हैं, जबकि अन्य तीन को हल्की चोटें लगी हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार में बैठे युवकों में से एक लगातार वीडियो बना रहा था। इसी के कारण ड्राइवर का ध्यान भटका और दुर्घटना हो गई। हादसे के बाद हल्की चोटिल युवक आपस में इस बात को लेकर बहस करते भी नजर आए कि वीडियो न बनता तो यह स्थिति पैदा नहीं होती।
सूचना मिलते ही डायल 112 की ईआरवी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं दूसरी ओर सेक्टर-58 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि फिलहाल इस मामले की उन्हें कोई आधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। यदि ऐसी घटना हुई है तो पुलिस तफ्तीश कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाएगी।