बल्लभगढ़। नेशनल हाईवे स्थित अनाज मंडी के पास कार ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। लोगों ने बताया कि वह हाईवे पर चल रही दूसरी बाइक चालक को बचा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। कार व बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जाम को खुलवाया और घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली से पलवल की ओर एसयूवी कार जा रही थी। कार में दो लोग सवार थे। जैसे ही वह नेशनल हाईवे स्थित बल्लभगढ़ अनाज मंडी के कट के पास बने फुटओवर ब्रिज के पास पहुंचे। तभी कार चालक के आगे चल रही बाइक में टक्कर मार दी। बाइक पर सवार राजेश (50) गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे के बाद चालक कार को छोड़कर मौके से भाग गया। लोगों का कहना है कि कार चालक दूसरे बाइक वाले को बचा रहा था। तभी साइड में चल रही बाइक के टक्कर हो गई। अभी बाइक चालक की हालत गंभीर है। हादसे के बाद हाईवे पर लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि हादसे की सूचना पुलिस को मिल गई है। अभी घायल की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद