- स्कूल में पढ़ने वाले 12वीं के छात्र व सोसाइटी के पड़ोसी ने दिलाई धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-88 इलाके की सोसाइटी में फ्लोर पर अतिक्रमण को लेकर चल रहे विवाद में 12वीं के छात्र ने अध्यापिका को दुष्कर्म व मारने की धमकी दिला दी। यह धमकी उसने फिनलैंड में रहने वाले अपने दोस्त और पूर्व सहपाठी के जरिये दिलाई। बीपीटीपी थाना पुलिस ने फिनलैंड से धमकी देने वाले युवक से ऑनलाइन पूछताछ की तो उसने माफीनामा दिया है।
बीपीटीपी थाना एसएचओ अरविंद कुमार ने बताया कि दुष्कर्म की धमकी देने की बात सही नहीं है। दोनों छात्र नाबालिग हैं। दोनों परिवार में फ्लोर पर अतिक्रमण को लेकर विवाद है। उसमें कोर्ट केस भी चल रहा है। यहां रहने वाले किशोर की बुधवार को चाइल्ड वेलफेयर कमिटी के समक्ष ले जाकर काउंसलिंग कराई जाएगी।
पुलिस को मामले में शिकायत इटली की कंपनी में बतौर एमडी कार्यरत व्यक्ति ने दी है। इनकी पत्नी व बेटा फरीदाबाद के सेक्टर-88 की एक सोसाइटी में 3 फ्लोर वाली बिल्डिंग में पहली मंजिल पर रहते हैं। इनकी पत्नी सेक्टर-89 के स्कूल में अध्यापिका हैं। इनकी पत्नी के स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाला किशोर भी बगल वाली बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर पर रहता है।
आरोप है कि छात्र के परिवार ने ग्राउंड फ्लोर पर कोर्ट यार्ड को कवर किया हुआ है। उनकी ऊपरी मंजिल वाले ने भी कवर किया तो सुरक्षा के लिहाज से अध्यापिका के पति ने भी दीवार ऊंची करा दी। इसी को लेकर 12वीं के छात्र के परिवार ने अपने ऊपरी मंजिल वाले व बगल की बिल्डिंग में पहली मंजिल पर रहने वाली अध्यापिका पक्ष पर कोर्ट में केस दायर कर अतिक्रमण का आरोप लगाया।
आरोप है कि रविवार 26 अक्तूबर को सुबह लगभग साढ़े 11 बजे महिला अध्यापिका को एक नंबर से व्हाट्सएप पर कॉल आई। कॉल करने वाला फिनलैंड में रहने वाला किशोर था जो पहले महिला अध्यापिका के स्कूल में ही छात्र रहा है। उसने महिला को दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी दी। बाद में पता चला कि पड़ोसी किशोर ने ही फिनलैंड में रहने वाले अपने दोस्त को कहकर महिला अध्यापिका को धमकी दिलवाई।