फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: नगर निगम में शामिल किए गए गांव में विकास का खाका तैयार, बुढे़ना में 14 करोड़ से होंगे काम

विज्ञापन
विज्ञापन
पानी, सीवर, रोशनी और हरियाली पर होगा काम, सवा साल में दिखेगा बदलाव, जलभराव और अंधेरी गलियों से मिलेगी राहत
विज्ञापन


अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद के ऐतिहासिक गांव बुढ़ेना को विकसित करने के लिए प्रशासन ने काम शुरू कर दिया है। निगम में शामिल हुए जिले के पुराने और आबादी वाले बुढे़ना गांव के लिए निगम ने करीब 14 करोड़ रुपये का विकास खाका तैयार किया है। लंबे समय से पानी की किल्लत, जलभराव और खराब रोशनी जैसी समस्याओं से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए यह योजना राहत लेकर आई है। निगम का दावा है कि तय समय सीमा में काम पूरा होते ही गांव की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।


सरकार की तरफ से 24 गांवों को नगर निगम में शामिल किया गया है। इन गांवों को विकसित करने के लिए काम शुरू कर दिया गया है। इसी कड़ी में सेक्टर-85 और 86 के बीच स्थित बुढे़ना गांव जो सुविधाओं के मामले में अब तक पीछे है इसको नया रूप दिया जा रहा है। योजना के तहत पानी, सीवर, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट और पार्क इन पांच बुनियादी क्षेत्रों पर एक साथ काम किया जाएगा।
विज्ञापन


सवा साल में पूरा होगा प्रोजेक्ट

नगर निगम ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी देने के बाद कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है। जमीनी स्तर पर काम शुरू होने के बाद करीब 16 महीने दिन की समय सीमा में कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इन विकास कार्यों की खास बात यह है कि काम पूरा होने के बाद तीन साल तक उसकी गुणवत्ता की जिम्मेदारी भी एजेंसी की ही रहेगी जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर निगरानी बनी रहेगी।


पांच मोर्चों पर दिखेगा बड़ा बदलाव

सबसे पहले पेयजल आपूर्ति को मजबूत किया जाएगा। पुरानी और जर्जर लाइनों को बदलकर नई पाइपलाइन डाली जाएगी, जिससे हर घर तक पर्याप्त और साफ पानी पहुंच सके। इसके साथ ही सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम को पूरी तरह दुरुस्त किया जाएगा ताकि बरसात के दौरान गलियों में पानी भरने की समस्या खत्म हो सके। गांव की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। अभी कई गलियां अंधेरे में डूबी रहती हैं जिससे हादसों और चोरी की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा गांव के पार्कों का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा जहां बच्चों और बुजुर्गों के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जाएगा।

प्रॉपर्टी वैल्यू और निवेश के लिहाज से भी फायदेमंद

बुढे़ना गांव अब शहरी सेक्टरों से घिर चुका है ऐसे में बुनियादी ढांचा सुधरने का सीधा असर जमीन और मकानों की कीमतों पर पड़ेगा। रियल एस्टेट से जुड़े जानकारों का कहना है कि सड़क, पानी और सीवर की सुविधाएं बेहतर होने के बाद इस क्षेत्र में निवेश बढ़ने की संभावना है। इससे ग्रामीणों को आर्थिक रूप से भी लाभ मिल सकता है।

की जाएगी डिजिटल निगरानी, लापरवाही पर सख्ती

नगर निगम ने इस बार काम की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्य ऑनलाइन करने का निर्णय लिया है साथ ही इसमें कॉल बिफोर यू डिग ऐप का उपयोग अनिवार्य किया गया है ताकि खुदाई के दौरान अन्य सुविधाओं को नुकसान न पहुंचे। नियमों की अनदेखी करने वाली एजेंसी पर सख्त कार्रवाई और भारी जुर्माने का प्रावधान रखा गया है।
विज्ञापन


इतिहास और वर्तमान के बीच संतुलन की कोशिश

बुढे़ना गांव का इतिहास भी काफी पुराना माना जाता है। बताया जाता है कि 1857 की क्रांति के समय यहां के ग्रामीणों ने दिल्ली की ओर कूच कर रही अंग्रेजी सेना के रसद और संचार की लाइन को काट दिया था। वहीं जब राजा नाहर सिंह ने अंग्रेजों के खिलाफ आवाज बुलंद की थी तो बुढ़ेना गांव के लोगों ने बढ़चढ़ कर उनकी सेना में शामिल होकर उनका साथ दिया था। अब इस ऐतिहासिक गांव को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की कोशिश की जा रही है ताकि परंपरा और विकास के बीच संतुलन कायम रखा जा सके।




लोगों की सुविधाओं के लिए नगर निगम हर स्तर पर तेजी से काम कर रहा है। जल्द इस परियोजना का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। - धीरेंद्र खड़गटा, निगम आयुक्त
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें