शहर में 248 विज्ञापन साइट्स से 155 करोड़ की कमाई करेगा निगम
अवैध होर्डिंग्स पर लगेगी रोक, डिजिटल एलईडी से बढ़ेगी शहर की रौनक
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद नगर निगम ने आउटडोर विज्ञापन व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए 248 साइट्स तय की है। इस पहल का उद्देश्य राजस्व जुटाना के साथ शहर को साफ-सुथरा, सुरक्षित और आधुनिक स्वरूप देना भी है। निगम अधिकारियों का मानना है कि इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी और निगम की झोली में 155 करोड़ आएंगे। शहर की सड़कों और चौराहों पर बेतरतीब लगे विज्ञापनों के बीच नगर निगम ने व्यवस्था और सौंदर्यीकरण को केंद्र में रखकर यह कदम उठाया है।
निगम का मानना है कि इससे एक ओर अवैध विज्ञापनों पर लगाम लगेगी। वहीं दूसरी ओर डिजिटल एलईडी डिस्प्ले के जरिये शहर की रौनक भी बढ़ेगी। साथ ही अगले तीन वर्षों में करीब 155 करोड़ रुपये की आय होने की उम्मीद है जिसे शहर के विकास कार्यों पर खर्च किया जाएगा। अब तक शहर में अलग-अलग स्थानों पर अवैध और अस्थायी होर्डिंग्स की भरमार है जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
डिजिटल एलईडी से बढ़ेगी शहर की रौनक
इस योजना का सबसे अहम पहलू डिजिटल विज्ञापनों पर जोर देना है। कुल 248 साइट्स में से 143 साइट्स पर एलईडी डिस्प्ले लगाए जाएंगे जो शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर स्थापित होंगे। इन एलईडी स्क्रीन के जरिये जहां एक ओर आधुनिक विज्ञापन दिखेंगे वहीं दूसरी ओर सरकारी संदेश, ट्रैफिक अपडेट और आपातकालीन सूचनाएं भी प्रसारित की जा सकेंगी। रात के समय इन डिजिटल डिस्प्ले से शहर की दृश्यता और आकर्षण दोनों बढ़ेंगे, जिससे फरीदाबाद को एक आधुनिक शहर की पहचान मिलेगी।
तीन जोन में बंटी योजना, मिडिल जोन सबसे अहम
नगर निगम ने 248 साइट्स को तीन क्लस्टर्स में बांटा है। वेस्ट जोन में 102 साइट्स, मिडिल जोन में 91 साइट्स और ईस्ट जोन में 55 साइट्स शामिल हैं। मिडिल जोन को सबसे अधिक राजस्व वाला क्लस्टर माना जा रहा है जहां की रिजर्व प्राइस करीब 66 करोड़ रुपये से अधिक रखी गई है। तीनों जोन की कुल रिजर्व प्राइस मिलाकर 155 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है जिससे निगम को अच्छी खासी आय होने की उम्मीद है।
राजस्व के साथ विकास को भी मिलेगी रफ्तार
नगर निगम को इस योजना से मिलने वाले 155 करोड़ रुपये का उपयोग शहर के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने में किया जाएगा। सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं पर यह राशि खर्च होगी। पिछले वित्तीय वर्ष में प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में सुधार के बाद अब निगम विज्ञापन से आय बढ़ाने पर फोकस कर रहा है। ऐसे में यह योजना आर्थिक मजबूती देने के साथ शहर के सौंदर्यीकरण और विकास को भी नई दिशा देगी।
नगर निगम को होने वाली आय को लोगों की सुविधाओं के लिए खर्च किया जाता है। इससे सड़क, पानी सीवर व अन्य विकास कार्य होते हैं, आय बढ़ने से विकास कार्य और तेजी से हो पाएंगे। - गौरव अंतिल, अतिरिक्त निगम आयुक्त