- इकलौता बेटा था सचिन, बाइक से जा रहा था मामा के घर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। निर्माणाधीन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पल्ला के पास सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
मोलडबंद नई दिल्ली निवासी केशर यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बेटा सचिन (19) 26 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे पर घर से मामा के यहां भूपानी फरीदाबाद जाने के लिए बाइक से निकला था। पिता के अनुसार कुछ देर बाद पता चला कि पल्ला बाईपास के पास सचिन हादसे में घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे नागरिक अस्पताल बीके पहुंचाया, जहां पर डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पिता का कहना है कि किसी अज्ञात वाहन चालक ने बेटे के बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बेटे की मौत हो गई। केशर को एक बेटी और एक बेटा था। बुधवार को पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस वाहन चालक की पहचान करने में जुट गई है। लोगों ने बताया कि पल्ला बाईपास के पास कुछ दिन पहले बस से हुए हादसे में दो की मौत और छह घायल हो गए थे। लोगों ने प्रशासन ने पल्ला के पास लाइट का इंतजाम करने को कहा है। उनका कहना हैं अंधेरा होने के कारण हादसे हो रहे हैं।
हादसे में कार सवार घायल
दूसरे मामले में भिवाड़ी राजस्थान निवासी गौरव मल्होत्रा जो कि वर्तमान में पश्चिम विहार दिल्ली में रहते और फरीदाबाद में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। मंगलवार की कार से ग्रीन फील्ड काॅलोनी से होकर जा रहे थे। इसी दौरान टाटा 704 गाड़ी ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में गौरव को गंभीर चोट आई। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। शिकायत पर सूरजकुंड थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।