पल्ला थाना पुलिस ने एफआईआर में पॉक्सो एक्ट की धारा 6 भी जोड़ी
मंगलवार सुबह पल्ला थाना इलाके में झाड़ियों से मिला था बच्ची का शव
आरोपी पिंटू को गिरफ्तार कर पुलिस कर रही है पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पल्ला थाना इलाके में 5 साल की मासूम की अपहरण के बाद हत्या करने से पहले उससे दुष्कर्म भी किया गया था। आरोपी से हुई पूछताछ व मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पल्ला थाना पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट की धारा 6 भी जोड़ दी है। वहीं दो दिन का रिमांड खत्म होने पर आरोपी पिंटू को बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पल्ला थाना इलाके की कॉलोनी से 5 साल की बच्ची सोमवार शाम लगभग 5 बजे लापता हुई थी। परिवार वालों ने आस-पास उसे काफी ढूंढा लेकिन बच्ची नहीं मिली। रात लगभग 9 बजे बच्ची के पिता शिकायत लेकर थाने पहुंचे। 5 साल की बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। रात को ही थाना पुलिस व अपराध शाखा की टीमों ने पूरे इलाके में बच्ची को ढूंढना शुरू किया। जांच के दौरान एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिखा कि बच्ची सोमवार शाम लगभग 5 बजे एक व्यक्ति का हाथ पकड़ जा रही थी।
परिवार को फुटेज दिखाई तो पाया कि ये तो उन्हीं के मकान में किराये पर रहने वाला पिंटू था। पिंटू अपने कमरे में ही सो रहा था तो टीम ने उसे काबू किया। मंगलवार अल-सुबह लगभग साढ़े 5 बजे पास के इलाके में झाड़ियों से बच्ची का शव बरामद किया गया। पुलिस ने पिंटू के खिलाफ अपहरण व हत्या की एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। अब केस में पॉक्सो एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है।