चोट लगने से आंख का कार्निया प्रभावित, बीके अस्पताल से दिल्ली एम्स भेजा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ में गिल्ली-डंडा खेलते समय 10 वर्षीय बच्चे की आंख में गंभीर चोट लग गई। हादसे में बच्चे की दायी आंख बुरी तरह प्रभावित हुई है। घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद बीके नागरिक अस्पताल से दिल्ली स्थित एम्स रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार मूलरूप से बिहार निवासी सामंत कुमार अपने दोस्तों के साथ गिल्ली-डंडा खेल रहा था। इसी दौरान तेज गति से उछली गिल्ली उसकी दायी आंख में जा लगी। चोट लगते ही बच्चा दर्द से चीखने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना उसकी मां मीरा देवी को दी, जो एक निजी कंपनी में काम करती हैं।
मां बच्चे को लेकर तुरंत बीके नागरिक अस्पताल पहुंचीं। वहां डॉक्टरों ने जांच के दौरान आंख में गंभीर चोट पाई। अस्पताल में एडवांस सर्जरी की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण बच्चे को दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया।
चोट लगने से बच्चे की आंख का कार्निया बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ऐसे मामलों में समय पर इलाज बेहद जरूरी होता है, इसलिए बच्चे को तुरंत उच्च संस्थान रेफर किया गया है।-डॉ. निधि सूद, नेत्र रोग विशेषज्ञ